चंबा के अभिभावकों के लिए जरूरी खबर! नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 के आवेदन 31 जुलाई तक, डीसी ने दिए विशेष निर्देश

जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 31 जुलाई 2026 तक खुले हैं। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अधिकाधिक विद्यार्थियों, विशेषकर बालिकाओं के पंजीकरण पर जोर दिया।
चंबा के अभिभावकों के लिए जरूरी खबर! नवोदय विद्यालय प्रवेश परीक्षा-2027 के आवेदन 31 जुलाई तक, डीसी ने दिए विशेष निर्देश

डलहौज़ी हलचल | चंबा

जिले के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण सूचना है। जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा-2027 के माध्यम से कक्षा छठी में प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रक्रिया जारी है। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित की गई है, जबकि चयन परीक्षा 28 नवंबर 2026 को प्रस्तावित है।

उपायुक्त ने दिए व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश

उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जिले में अधिकाधिक विद्यार्थियों का ऑनलाइन पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने उपलब्ध सभी माध्यमों से चयन परीक्षा और पंजीकरण प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा।

उन्होंने विशेष रूप से बालिकाओं के अधिकाधिक पंजीकरण पर जोर देते हुए संबंधित विभागों को प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए। साथ ही अभिभावकों और शिक्षकों से भी अपील की कि वे अंतिम तिथि से पहले पात्र बच्चों का ऑनलाइन पंजीकरण अवश्य करवाएं।

दूरदराज क्षेत्रों तक पहुंचे जानकारी

उपायुक्त ने कहा कि चंबा जिले की भौगोलिक परिस्थितियों को देखते हुए ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक चयन परीक्षा और ऑनलाइन पंजीकरण की जानकारी पहुंचाना अत्यंत आवश्यक है। इसके लिए विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा अन्य हितधारकों के समन्वित प्रयास किए जाएं, ताकि कोई भी पात्र विद्यार्थी इस अवसर से वंचित न रहे।

इन वेबसाइटों के माध्यम से करें आवेदन

इच्छुक विद्यार्थी एवं अभिभावक 31 जुलाई 2026 तक नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण से संबंधित सभी आवश्यक दिशा-निर्देश और पात्रता संबंधी जानकारी भी वेबसाइट पर उपलब्ध है।

गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा का अवसर

उल्लेखनीय है कि चंबा जिले का जवाहर नवोदय विद्यालय जिला मुख्यालय के समीप ग्राम पंचायत सरोल में पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माणाधीन परिसर की परिधि में संचालित हो रहा है। यह देश के प्रतिष्ठित आवासीय विद्यालयों में शामिल है, जहां विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क शिक्षा प्रदान की जाती है।

विद्यालय से शिक्षा प्राप्त अनेक विद्यार्थी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर चंबा जिले का नाम रोशन कर चुके हैं।

विज्ञापन