के.सी. वेणुगोपाल से मिले केवल सिंह पठानिया, बोले- सुक्खू सरकार की नीतियों से मजबूत हो रही ग्रामीण अर्थव्यवस्था
डलहौज़ी हलचल | नई दिल्ली
हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने गुरुवार को नई दिल्ली में कांग्रेस पार्टी के संगठन महासचिव एवं सांसद के.सी. वेणुगोपाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में संचालित विभिन्न विकासात्मक परियोजनाओं और जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी साझा की।
प्राकृतिक खेती और किसानों की आय बढ़ाने पर जोर
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए प्राकृतिक खेती को लगातार बढ़ावा दे रही है। किसानों को विभिन्न प्रोत्साहन योजनाओं का लाभ मिल रहा है, जिससे उनकी आय में वृद्धि हो रही है और हिमाचल प्राकृतिक खेती के आदर्श राज्य के रूप में उभर रहा है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य है, जिसने प्राकृतिक खेती से तैयार फसलों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) लागू किया है। वर्तमान में प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं 80 रुपये प्रति किलोग्राम, मक्की 50 रुपये, कच्ची हल्दी 150 रुपये, पांगी घाटी की जौ 80 रुपये तथा अदरक 30 रुपये प्रति किलोग्राम की दर से खरीदी जा रही है।
दूध उत्पादकों को भी मिला बड़ा लाभ
उन्होंने बताया कि पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सरकार ने गाय के दूध का एमएसपी 32 रुपये से बढ़ाकर 61 रुपये प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का एमएसपी 47 रुपये से बढ़ाकर 71 रुपये प्रति लीटर कर दिया है, जिससे दुग्ध उत्पादकों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है।
किशाऊ बांध और कड़छम-वांगतू परियोजनाओं का किया उल्लेख
केवल सिंह पठानिया ने कहा कि राज्य सरकार ने किशाऊ बांध परियोजना में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। लगभग 15,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली 422 मेगावाट क्षमता की इस परियोजना में बिजली उत्पादन से संबंधित लगभग 2,000 करोड़ रुपये का खर्च दिल्ली, राजस्थान और हरियाणा जैसे लाभार्थी राज्य वहन करेंगे। इससे हिमाचल प्रदेश को बिजली उत्पादन शुरू होने के बाद प्रतिवर्ष लगभग 600 करोड़ रुपये की आय सुनिश्चित होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि कड़छम-वांगतू जलविद्युत परियोजना में जेएसडब्ल्यू एनर्जी कंपनी अब राज्य को 12 प्रतिशत के बजाय 18 प्रतिशत रॉयल्टी देगी, जिससे प्रदेश को प्रतिवर्ष 250 करोड़ रुपये से अधिक की अतिरिक्त आय प्राप्त होगी।
विभिन्न विषयों पर हुआ सार्थक विचार-विमर्श
उप-मुख्य सचेतक ने कहा कि के.सी. वेणुगोपाल के साथ विभिन्न समसामयिक और संगठनात्मक विषयों पर सार्थक चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि वेणुगोपाल का अनुभव, मार्गदर्शन और रणनीतिक सोच पार्टी कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों के लिए निरंतर प्रेरणा का स्रोत है।
