श्री मणिमहेश यात्रा 2026: 1 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण, ट्रस्ट बैठक में तैयारियों की समीक्षा

भरमौर में आयोजित श्री मणिमहेश ट्रस्ट की बैठक में 1 अगस्त से ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग शुरू करने का निर्णय लिया गया। यात्रा मार्ग पर सड़क, पेयजल, सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
श्री मणिमहेश यात्रा 2026: 1 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण, ट्रस्ट बैठक में तैयारियों की समीक्षा

डलहौज़ी हलचल | भरमौर

आगामी श्री मणिमहेश यात्रा 2026 की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा के लिए श्री मणिमहेश ट्रस्ट की बैठक शुक्रवार को लघु सचिवालय भरमौर के सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त चंबा एवं ट्रस्ट अध्यक्ष मुकेश रेपस्वाल ने की। बैठक में भरमौर-पांगी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज विशेष रूप से उपस्थित रहे।

उपायुक्त ने यात्रा से जुड़े सभी विभागों, लंगर समितियों, दुकानदारों एवं अन्य हितधारकों को श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

1 अगस्त से शुरू होगा ऑनलाइन पंजीकरण और स्लॉट बुकिंग

बैठक में निर्णय लिया गया कि 1 अगस्त 2026 से आधिकारिक वेबसाइट www.manimaheshyatra.hp.gov.in पर श्रद्धालुओं के लिए ऑनलाइन पंजीकरण एवं स्लॉट बुकिंग की सुविधा प्रारंभ की जाएगी।

अमरनाथ यात्रा की तर्ज पर प्रारंभिक चरण में प्रतिदिन लगभग 5,000 श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट निर्धारित किए जाएंगे। हालांकि कृष्ण जन्माष्टमी और राधाष्टमी के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या, मौसम और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए स्लॉट की संख्या आवश्यकता अनुसार बढ़ाई जा सकेगी।

एनजीटी के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से होगा पालन

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने सभी संबंधित विभागों को राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने यात्रा के दौरान प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन, एकल-उपयोग प्लास्टिक के प्रयोग को न्यूनतम करने तथा प्रभावी कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करने पर विशेष जोर दिया, ताकि पूरा यात्रा मार्ग स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल बना रहे।

15 अगस्त तक सड़क मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश

बैठक में यात्रा मार्ग पर पेयजल, शौचालय, चिकित्सा, बिजली, संचार तथा साफ-सफाई की व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग और एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय राजमार्ग-154ए तथा भरमौर-हड़सर मार्ग की सभी बंद एवं क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर बहाल किया जाए। उन्होंने मलबा हटाने, क्षतिग्रस्त पुलियों एवं रिटेनिंग वॉल की मरम्मत तथा सड़क सुरक्षा के लिए पैरापिट और साइनेज लगाने का कार्य 15 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए।

पेयजल, शौचालय और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर

उपायुक्त ने जल शक्ति विभाग को निर्देश दिए कि धनछो, गौरीकुंड और मणिमहेश झील के आसपास सभी जल स्रोतों, पाइप लाइनों और टंकियों की मरम्मत युद्धस्तर पर पूरी की जाए। प्रत्येक पड़ाव पर स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के साथ-साथ आवश्यक स्थानों पर अस्थायी पेयजल भंडारण टंकियां स्थापित करने और शौचालयों के पास भी पर्याप्त जल उपलब्ध कराने को कहा गया।

अतिरिक्त पुलिस बल और ड्रोन से होगी निगरानी

बैठक में निर्णय लिया गया कि भरमौर-हड़सर यात्रा मार्ग पर यातायात नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। मेले के दौरान चंबा-भरमौर मार्ग पर भारी वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी तथा श्रद्धालुओं के वाहनों को केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करने की अनुमति होगी।

उपायुक्त ने बताया कि यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा श्रद्धालुओं की संख्या पर प्रभावी निगरानी रखने के लिए ड्रोन तकनीक का भी उपयोग किया जाएगा।

बैठक में कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी भरमौर विकास शर्मा, उपमंडल अधिकारी अजय कुमार, डीएफओ नवनाथ शिवाजी माने, एनएचएआई के अधीक्षण अभियंता शशि चंदेल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता विजय नाग, बीएमओ भरमौर डॉ. दीपेश बराल, उपमंडल आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, एसएचओ भरमौर बाबू राम, विभिन्न पंचायतों के प्रधान, व्यापार मंडल के प्रतिनिधि तथा अन्य विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन