चंबा के युवाओं के लिए बड़ी पहल, ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल से मिलेंगे रोजगार, स्किल ट्रेनिंग और नए अवसर

चंबा में 'मेरा युवा भारत' पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित हुई। युवाओं के पंजीकरण, कौशल विकास, रोजगार और सेमीकंडक्टर प्रशिक्षण पर चर्चा हुई।
चंबा के युवाओं के लिए बड़ी पहल, ‘मेरा युवा भारत’ पोर्टल से मिलेंगे रोजगार, स्किल ट्रेनिंग और नए अवसर

डलहौज़ी हलचल | चंबा

जिले में ‘मेरा युवा भारत (MY Bharat)’ पोर्टल के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिक से अधिक युवाओं के पंजीकरण को सुनिश्चित बनाने के उद्देश्य से शुक्रवार को जिला समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को कौशल विकास, रोजगार, स्वरोजगार और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए विभागीय समन्वय को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

जिला समन्वय समिति की पहली बैठक आयोजित

मेरा युवा भारत, चंबा के तत्वावधान में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता जिला युवा सेवाएं अधिकारी राहुल गर्ग ने की। बैठक मेरा युवा भारत कार्यालय, चंबा में आयोजित हुई। उल्लेखनीय है कि जिला समन्वय समिति का गठन 7 जुलाई 2026 को किया गया था।

पंजीकरण अभियान की प्रगति की हुई समीक्षा

बैठक में जिले में चल रहे इंटेंसिव रजिस्ट्रेशन ड्राइव की समीक्षा की गई। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक युवाओं का मेरा युवा भारत पोर्टल पर पंजीकरण सुनिश्चित करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

अधिकारियों ने इस बात पर भी विचार-विमर्श किया कि पोर्टल के माध्यम से उपलब्ध विभिन्न अवसरों और योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक युवाओं तक कैसे पहुंचाई जाए।

रोजगार, कौशल विकास और खेल गतिविधियों पर जोर

बैठक के दौरान युवा एवं खेल गतिविधियों को प्रभावी बनाने के लिए खेल विभाग और मेरा युवा भारत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। इसके अलावा युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उपायों पर भी विचार साझा किए गए।

बी.टेक. स्नातकों के लिए सेमीकंडक्टर प्रशिक्षण का अवसर

बैठक में जानकारी दी गई कि आईआईएससी बेंगलुरु के सहयोग से मेरा युवा भारत पोर्टल के माध्यम से सेमीकंडक्टर विषय पर ऑनलाइन प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है।

इस प्रशिक्षण के लिए बी.टेक. स्नातक आवेदन करने के पात्र हैं। इच्छुक अभ्यर्थी मेरा युवा भारत पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

एचआईवी-एड्स और टीबी जागरूकता पर भी चर्चा

बैठक में एचआईवी-एड्स एवं टीबी (क्षय रोग) के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने, युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने तथा इन विषयों पर संयुक्त जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक के अंत में सभी सदस्यों ने युवाओं के सर्वांगीण विकास तथा विभिन्न विभागों के समन्वय से जनहितकारी कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने का संकल्प लिया।

विज्ञापन