हिमाचल को मिली दो बड़ी रेल सौगातें, 17 जुलाई से नई रेल सेवाएं शुरू, पीएम मोदी करेंगे अंब-अंदौरा स्टेशन का लोकार्पण

17 जुलाई से हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के यात्रियों को दो बड़ी रेल सौगातें मिलेंगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे और नई रेल सेवाओं का शुभारंभ करेंगे।
हिमाचल को मिली दो बड़ी रेल सौगातें, 17 जुलाई से नई रेल सेवाएं शुरू, पीएम मोदी करेंगे अंब-अंदौरा स्टेशन का लोकार्पण

डलहौज़ी हलचल | शिमला/ऊना

हिमाचल प्रदेश, पंजाब और हरियाणा के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। 17 जुलाई से नई रेल सेवाओं का शुभारंभ होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअल माध्यम से अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित अंब-अंदौरा रेलवे स्टेशन का लोकार्पण करेंगे तथा नई रेल सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे।

दो नई रेल सेवाओं को मिली मंजूरी

रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 14501/14502 करटोली–अंबाला कैंट एक्सप्रेस (वाया ऊना हिमाचल) के नियमित संचालन को मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही गाड़ी संख्या 14053/14054 दिल्ली–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस का विस्तार पंजाब के करटोली तक कर दिया गया है। इससे हिमाचल, पंजाब और हरियाणा के हजारों यात्रियों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।

रेल मंत्री ने अनुराग ठाकुर को दी स्वीकृति की जानकारी

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के सांसद अनुराग सिंह ठाकुर को पत्र लिखकर दोनों प्रस्तावों को मंजूरी मिलने की जानकारी दी है। बताया गया कि यह स्वीकृति सांसद अनुराग ठाकुर द्वारा 28 जून 2026 को रेल मंत्रालय को भेजे गए आग्रह पत्र के बाद प्रदान की गई है।

उत्तरी रेलवे ने जारी किए निर्देश

नई रेल सेवाओं के शुभारंभ को लेकर उत्तरी रेलवे मुख्यालय, नई दिल्ली ने उद्घाटन यात्रा के संबंध में सभी संबंधित रेल मंडलों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। अधिकारियों के अनुसार सभी तैयारियां अंतिम चरण में हैं और निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 17 जुलाई से नई सेवाएं शुरू कर दी जाएंगी।

यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ

नई रेल सेवाओं के शुरू होने और दिल्ली–दौलतपुर चौक एक्सप्रेस के विस्तार से हिमाचल प्रदेश, विशेषकर ऊना और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बेहतर रेल संपर्क मिलेगा। इससे यात्रा अधिक सुविधाजनक होने के साथ-साथ क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

विज्ञापन