शुम्मे दी हट्टी के संचालक हर्ष गुप्ता ने दादा की स्मृति में स्कूल को दिया अनमोल उपहार, बच्चों को मिलेगा ठंडा और स्वच्छ पानी
डलहौज़ी हलचल | (चंबा) | भूषण गुरंग
नैनीखड के प्रसिद्ध कपड़ा व्यवसायी ‘शुम्मे दी हट्टी’ के संचालक हर्ष गुप्ता एवं उनकी धर्मपत्नी पूजा गुप्ता ने सामाजिक सरोकार का परिचय देते हुए साईं पब्लिक स्कूल, नैनीखड के विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ एवं ठंडे पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु एक वाटर कूलर भेंट किया।
स्वर्गीय जोगिंदर पाल महाजन की स्मृति में दी भेंट
यह वाटर कूलर हर्ष गुप्ता ने अपने स्वर्गीय दादा जोगिंदर पाल महाजन की स्मृति में विद्यालय को समर्पित किया। गुप्ता दंपत्ति ने विद्यालय परिसर में रिबन काटकर वाटर कूलर का शुभारंभ किया और इसे विद्यार्थियों को समर्पित किया।
विद्यालय प्रबंधन ने जताया आभार
विद्यालय के प्रबंधक सुभाष साहिल ने गुप्ता दंपत्ति का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका यह योगदान केवल पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह समाज के लिए एक प्रेरणादायक संदेश भी है। उन्होंने कहा कि अपने गांव के शिक्षण संस्थान को सशक्त बनाने का यह प्रयास स्थानीय शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यदि समाज के सक्षम लोग इसी प्रकार अपने क्षेत्र के विद्यालयों का सहयोग करें तो ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा का स्तर और अधिक मजबूत हो सकता है।
अभिभावकों ने की सराहना
विद्यालय प्रबंधन समिति, समस्त स्टाफ, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने गुप्ता दंपत्ति के इस सराहनीय कार्य की प्रशंसा करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने इसे समाज सेवा और शिक्षा के प्रति सकारात्मक सोच का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत नैनीखड के जरेई वार्ड की नवनिर्वाचित वार्ड सदस्य बीना देवी तथा प्रख्यात साहित्यकार एवं मोटिवेशनल स्पीकर फिरोज़ कुमार रोज़ भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
