शिमला में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन: अवैध संपत्ति होगी जब्त, पटवारी भेजेंगे रिपोर्ट

डलहौज़ी हलचल (शिमला): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए प्रशासन ने अब नशा कारोबारियों की अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। शिमला में आयोजित जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड (NCORD) बैठक में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के […]
शिमला में नशा तस्करों पर बड़ा एक्शन: अवैध संपत्ति होगी जब्त, पटवारी भेजेंगे रिपोर्ट

डलहौज़ी हलचल (शिमला): हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को और तेज करते हुए प्रशासन ने अब नशा कारोबारियों की अवैध संपत्तियों पर शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। शिमला में आयोजित जिला स्तरीय मासिक एनकॉर्ड (NCORD) बैठक में उपायुक्त अनुपम कश्यप ने नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि नशे के कारोबार से अर्जित संपत्तियों की गहन जांच की जाएगी और दोषी पाए जाने पर उन्हें जब्त करने की प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। इस अभियान में राजस्व विभाग की भूमिका अहम रहेगी।

पटवारियों को सौंपी गई बड़ी जिम्मेदारी

बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त अनुपम कश्यप ने निर्देश दिए कि जमीनी स्तर पर तैनात पटवारी अपने क्षेत्रों में नशे के कारोबार में संलिप्त संदिग्ध लोगों की पहचान करें और उनकी रिपोर्ट संबंधित एसडीएम को भेजें।

उन्होंने कहा कि एसडीएम इन रिपोर्टों की निगरानी करेंगे ताकि नशे की कमाई से बनाई गई अवैध संपत्तियों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके। साथ ही पुलिस, राजस्व और अन्य विभागों को सूचनाओं के आदान-प्रदान में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए।

चुनावों के दौरान अवैध शराब पर रहेगी कड़ी नजर

आगामी पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों को देखते हुए उपायुक्त ने आबकारी विभाग को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक अवैध शराब की बिक्री और भंडारण पर लगातार निगरानी रखी जाए।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह ने भी कहा कि चुनावों को प्रभावित करने वाले नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्कूलों में चलाया जाएगा जागरूकता अभियान

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि स्कूलों और कॉलेजों में ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ मोबाइल ऐप को लेकर छात्रों को जागरूक किया जाएगा।

वहीं शिक्षा विभाग ने जानकारी दी कि अगले एक माह के भीतर जिला के सभी स्कूलों की जांच कर उन्हें ‘टीबी मुक्त संस्थान’ का प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।

प्रशासन और समाज मिलकर लड़ेंगे नशे के खिलाफ जंग

उपायुक्त अनुपम कश्यप ने कहा कि एनकॉर्ड समिति का उद्देश्य नशे की समस्या को सामाजिक और कानूनी दोनों स्तरों पर खत्म करना है। उन्होंने कहा कि इस अभियान के कारण पड़ोसी राज्यों के नशा तस्करों में भी डर का माहौल बना है।

बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, एडीएम (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

विज्ञापन