80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू, रिज मैदान में होगा भव्य आयोजन, उत्कृष्ट कार्य करने वाले होंगे सम्मानित
डलहौज़ी हलचल | शिमला
80वें स्वतंत्रता दिवस-2026 के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त शिमला की अध्यक्षता में बचत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 15 अगस्त 2026 को प्रातः 11:00 बजे ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह पूरे हर्षोल्लास, गरिमा और उत्साह के साथ आयोजित किया जाएगा।
परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आकर्षण का केंद्र
समारोह में हिमाचल प्रदेश पुलिस, होमगार्ड, एनएसएस, एनसीसी (छात्र एवं छात्राएं), स्काउट्स एवं गाइड्स की टुकड़ियां आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत करेंगी। वहीं पुलिस और होमगार्ड के बैंड समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। परेड का पूर्वाभ्यास सामान्यतः 11 अगस्त से शुरू किया जाएगा।
जिला लोक संपर्क अधिकारी (डीपीआरओ) और जिला भाषा अधिकारी (डीएलओ) को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। समारोह में देशभक्ति और हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत पर आधारित प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
विभिन्न विभागों को सौंपी गई जिम्मेदारियां
बैठक में समारोह की तैयारियों को लेकर विभिन्न विभागों की जिम्मेदारियां तय की गईं।
- आमंत्रण पत्रों की छपाई एवं वितरण की जिम्मेदारी सहायक आयुक्त (एसी टू डीसी) को दी गई।
- यदि समारोह राज्य स्तरीय घोषित होता है तो आमंत्रण पत्रों की छपाई सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा करवाई जाएगी।
- ध्वनि विस्तारक (पब्लिक एड्रेस) प्रणाली की व्यवस्था डीपीआरओ कार्यालय करेगा।
- नगर निगम शिमला रिज मैदान की साफ-सफाई तथा समारोह के बाद मिठाइयों के वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा।
- अतिथियों के बैठने की व्यवस्था एसी टू डीसी कार्यालय करेगा।
कानून व्यवस्था और आमजन की भागीदारी पर रहेगा विशेष ध्यान
बैठक में पुलिस अधीक्षक शिमला और अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) को समारोह के दौरान सुरक्षा और कानून व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से तैयारियां पूरी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसका आयोजन पूरी गरिमा, अनुशासन एवं उत्साह के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि समारोह में अधिक से अधिक आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी तथा स्वतंत्रता आंदोलन में हिमाचल प्रदेश के योगदान से नई पीढ़ी को अवगत कराने के लिए भी विशेष प्रयास किए जाएंगे।
सभी प्रतिभागियों को मिलेगा प्रशस्ति प्रमाण पत्र
जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह में परेड और सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेने वाले सभी प्रतिभागियों को जिला प्रशासन की ओर से प्रशस्ति प्रमाण पत्र प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए प्रतिभागियों की सूची कार्यक्रम से पूर्व एसी टू डीसी कार्यालय में जमा करवानी होगी।
उत्कृष्ट कार्य करने वालों का होगा सम्मान
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सरकारी और गैर-सरकारी क्षेत्र में समाज के लिए उत्कृष्ट एवं प्रेरणादायक कार्य करने वाले व्यक्तियों को समारोह के दौरान सम्मानित किया जाएगा। उपायुक्त ने सभी विभागों को ऐसे योग्य व्यक्तियों की सूची तैयार कर प्रशासन को भेजने के निर्देश दिए।
बैठक में ये रहे उपस्थित
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त सचिन शर्मा, नगर निगम आयुक्त सचिन कंवल, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) पंकज शर्मा, एडीएम (प्रोटोकॉल) ज्ञान सागर नेगी, एएसपी गौरवजीत सिंह, एसडीएम (ग्रामीण) मंजीत शर्मा, एसडीएम (शिमला शहरी) सन्नी शर्मा, उपनिदेशक उच्च शिक्षा लेख राज भारद्वाज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
