सदर बाजार डलहौजी में चोरी, लाखों के गहने और नकदी पर हाथ साफ
डलहौजी हलचल (डलहौज़ी) : पर्यटन नगरी डलहौजी के व्यस्त सदर बाजार क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने एक रिहायशी मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये के सोने के आभूषण और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस थाना डलहौजी में अभियोग संख्या 24/26 के तहत धारा 305 और 331(4) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। शिकायत साहिल कुमार पुत्र फिलिप कुमार निवासी वार्ड नंबर 4 सदर बाजार डलहौजी द्वारा दर्ज करवाई गई।
घर का ताला तोड़कर वारदात को दिया अंजाम
शिकायतकर्ता के अनुसार 5 और 6 मई की रात अज्ञात व्यक्ति ने उनके घर का ताला तोड़कर कमरे में प्रवेश किया। चोरों ने कमरे में रखे दीवान बैड और अलमारी को खंगालते हुए सोने के गहने और नकदी चोरी कर ली।
चोरी हुए सामान में शिकायतकर्ता की पत्नी का करीब ढाई तोले का सोने का सेट, जिसमें हार और कान के टॉप्स शामिल हैं, दो सोने की अंगूठियां तथा उनकी माता के कान के टॉप्स शामिल हैं। इसके अलावा अलमारी के ऊपर रखे 50 हजार रुपये नकद भी चोरी कर लिये गए।
CCTV फुटेज में नहीं मिला सुराग
मामले की जांच उप निरीक्षक रविन्द्र कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस ने मौके के आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की, लेकिन फिलहाल कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मौके से डम्प डाटा भी जुटाया है और मामले में साइबर सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय चम्बा से तकनीकी सहायता मांगी गई है। इसके साथ ही आसपास के लोगों के बयान दर्ज कर लिये गए हैं।
पुलिस जांच जारी
चम्बा पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
