अर्की में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम: विधायक संजय अवस्थी ने बस सेवा शुरू कर सुनीं लोगों की समस्याएं, कई घोषणाएं
डलहौज़ी हलचल | अर्की (सोलन)
अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र को आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। वह ग्राम पंचायत मान के गांव डोरा-लड़हेच में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के दौरान जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
इससे पूर्व विधायक ने लड़हेच-डोरा-खटेटा संपर्क मार्ग पर हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की नई बस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद है कार्यक्रम का उद्देश्य
संजय अवस्थी ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और आम जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना है। उन्होंने कहा कि दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने तथा अधिकारियों की मौजूदगी में विकास कार्यों को गति देने के लिए यह पहल शुरू की गई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर सड़क संपर्क, आधुनिक विद्यालय, घर के निकट स्वास्थ्य सुविधाएं तथा किसानों के लिए फसल विपणन की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पंचायत प्रतिनिधियों से ईमानदारी से कार्य करने का आह्वान
विधायक ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्रामीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे सभी गांवों में समान विकास सुनिश्चित करते हुए ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ कार्य करें।
उन्होंने बताया कि ग्राम पंचायत मान में आयुर्वेदिक चिकित्सालय तथा नियमित बस सेवा शुरू करने का मामला उच्च स्तर पर उठाया जाएगा। साथ ही मान-बेटनू सिंचाई योजना को विधायक प्राथमिकता सूची में शामिल किया गया है और इसे शीघ्र पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।
विकास कार्यों के लिए कई घोषणाएं
कार्यक्रम के दौरान विधायक संजय अवस्थी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को गम्बर पुल की मरम्मत के निर्देश दिए।
उन्होंने नौणी मंझजार में खेल मैदान निर्माण के लिए एक लाख रुपये तथा मान गांव में सड़क पक्का करने के लिए तीन लाख रुपये देने की घोषणा भी की।
लोगों की समस्याएं सुनकर अधिकारियों को दिए निर्देश
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने ग्रामीणों की विभिन्न समस्याएं और मांगें सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य सतीश कुमार, पंचायत समिति सदस्य निर्मला देवी, ग्राम पंचायत मान की प्रधान रीता, ग्राम पंचायत बखालग के प्रधान सुरेंद्र पाठक, उपप्रधान देवराज, कांग्रेस नेता दलीप कुमार, राकेश ठाकुर, हरीश कुमार, पवन कौशल, उपमंडलीय वन अधिकारी राज कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता कृष्ण कांत, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुक्ता रस्तोगी, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
