समर फेस्टिवल 2026 में होगी पहली एंटी चिट्टा अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप, विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार

नशे के खिलाफ खेल का बिगुल! शिमला समर फेस्टिवल में पहली एंटी चिट्टा वॉलीबॉल चैंपियनशिप का आयोजन
समर फेस्टिवल 2026 में होगी पहली एंटी चिट्टा अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप, विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार

डलहौज़ी हलचल (शिमला): शिमला समर फेस्टिवल-2026 के दौरान युवाओं को नशे के खिलाफ जागरूक करने के उद्देश्य से पहली एंटी चिट्टा अंडर-21 अंतर-जिला वॉलीबॉल चैंपियनशिप (बॉयज) आयोजित की जाएगी। इस संबंध में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (कानून एवं व्यवस्था) पंकज शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता के लिए चयन परीक्षण 5 जून 2026 को एम.सी. ग्राउंड संजौली में प्रातः 10 बजे से आयोजित होगा।

उन्होंने बताया कि चयन परीक्षण में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को अपनी जन्म तिथि का मूल प्रमाण-पत्र तथा आधार कार्ड साथ लाना अनिवार्य होगा। प्रतियोगिता में केवल वही खिलाड़ी भाग ले सकेंगे जिनका जन्म 1 जनवरी 2006 या उसके बाद हुआ हो।

पंकज शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में बेहतर प्रतिभाओं के चयन के लिए ट्रायल आयोजित किए जा रहे हैं। इन ट्रायल्स के माध्यम से तीन जिला स्तरीय वॉलीबॉल टीमों का गठन किया जाएगा, जो इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में शिमला जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा चलाए जा रहे एंटी चिट्टा अभियान के तहत युवाओं को नशे से दूर रखने और चिट्टे जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है।

विजेता टीम को मिलेगा 1 लाख रुपये का पुरस्कार

प्रतियोगिता में विजेता टीम को 1 लाख रुपये, उपविजेता टीम को 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि ट्रॉफी एवं मेडल सहित प्रदान की जाएगी।

इसके अतिरिक्त क्वार्टरफाइनल तक पहुंचने वाली पांच टीमों को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं प्रतियोगिता के सर्वश्रेष्ठ अटैकर, ब्लॉकर, सैटर और लिबेरो को 5-5 हजार रुपये, स्मृति चिन्ह और विशेष सम्मान प्रदान किया जाएगा।

आयोजन समिति द्वारा खिलाड़ियों के लिए यात्रा भत्ता, दैनिक भत्ता तथा आवास की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी।

विज्ञापन